छोड़कर सामग्री पर जाएँ

देश के सबसे बड़े समुद्री पुल अटल सेतु, जाने कौन सी गाड़ी से कितना देना होगा टोल

इस ख़बर को शेयर करें:

महाराष्ट्र में समुद्र के ऊपर देश का सबसे बड़ा पुल मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक ब्रिज (MTHL) का उद्घाटन हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 जनवरी को इसका उद्घाटन किया। इससे पहले 6 जनवरी को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पुल का निरीक्षण किया था। उद्घाटन से पहले मुंबई पुलिस ने पुल के इस्तेमाल को लेकर कई नियम भी जारी किए। आइए इस पुल और इससे संबंधित नियमों के बारे में जानते हैं।

अटल सेतु होगा पुल का नाम, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा
मुंबई को नवी मुंबई से जोड़ने वाले इस पुल का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर अटल सेतु रखा गया है। यह पुल महाराष्ट्र के 2 सबसे बड़े शहरों को जोड़ने वाले मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा और यह 6 लेन का होगा। इस सेतु को बनाने में 18,000 करोड़ रुपये की लागत आई है। उम्मीद की जा रही है कि पुल के खुलने से इससे जुड़े क्षेत्रों में आर्थिक विकास संभव होगा।

अटल सेतु से आम यात्रियों को क्या फायदा होगा?
MTHL करीब 16.5 किलोमीटर समुद्र के ऊपर और 5.5 किलोमीटर जमीन पर बना है। इस पुल से मुंबई और नवी मुंबई के बीच के यात्रा का समय 2 घंटे से घटकर केवल 20-25 मिनट हो जाएगा, जिससे ईंधन और समय दोनों की बचत होगी। एक अधिकारी के अनुसार, प्रति यात्रा लगभग 500 रुपये की बचत होगी। न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, परिचालन शुरू होने के एक साल बाद इसकी दरों में बदलाव किया जा सकता है।

अटल सेतु पर कितनी रफ्तार से चल सकेंगे वाहन?
मुंबई पुलिस ने कहा कि MTHL पर 4 पहिया वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इन वाहनों में कार, टैक्सी, हल्के मोटर वाहन, मिनी बस और टू-एक्सल बस आदि शामिल हैं। पुल की चढ़ाई और ढलान पर अधिकतम गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। मुंबई पुलिस ने कहा कि गति सीमा पर प्रतिबंध “जनता के लिए खतरे, रुकावटों और असुविधा” से बचने के लिए लगाया गया है।

अटल सेतु पर टोल कितना लगेगा?
MTHL पर टोल भी चलेगा और कारों को एकतरफा सफर के लिए 250 रुपये देने होंगे। दोनों तरफ के सफर के लिए 375 रुपये शुल्क देना होगा। इन शुल्कों से बचने के लिए नियमित यात्री 625 रुपये में दैनिक पास और 12,500 में मासिक पास बनवा सकेंगे। महाराष्ट्र सरकार को उम्मीद है कि MTHL से प्रतिदिन 70,000 से अधिक गाड़ियां गुजरेंगी। इस तरह प्रतिदिन टोल के जरिए 1.75 करोड़ रुपये की कमाई की उम्मीद है।

अटल सेतु पर किन वाहनों को नहीं मिलेगा प्रवेश?
मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि मोटरसाइकिल, मोपेड, तिपहिया वाहन, ऑटो, ट्रैक्टर, जानवरों द्वारा खींचे जाने वाले वाहनों और धीमी गति से चलने वाले वाहनों को पुल पर जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा मुंबई की ओर जाने वाले मल्टी-एक्सल भारी वाहनों, ट्रकों और बसों को ईस्टर्न फ्रीवे पर प्रवेश नहीं मिलेगा। इन वाहनों को आगे की आवाजाही के लिए मुंबई पोर्ट-सिवड़ी एग्जिट (एग्जिट 1C) का उपयोग करना होगा।

समुद्री जीवों और पक्षियों की सुरक्षा के लिए अटल सेतु पर विशेष व्यवस्था
सबसे खास बात यह है कि इस पुल के ऊपर और नीचे 190 CCTV कैमरे लगे हैं, जिनमें से 130 कैमरे हाईटेक हैं। दरअसल, हर साल सर्दियों में फ्लेमिंगो पक्षी यहां आते हैं। इसका खास ख्याल रखते हुए पुल के किनारे साउंड बैरियर भी लगाए गए हैं। इससे ध्वनि प्रदूषण नहीं होगा और पक्षियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा। इसके अलावा पुल पर ऐसी लाइटें लगाई गई हैं, जो सिर्फ पुल पर पड़ें और समुद्री जीवों को नुकसान न पहुंचे।

गणेश मुखी रूद्राक्ष पहने हुए व्यक्ति को मिलती है सभी क्षेत्रों में सफलता एलियन के कंकालों पर मैक्सिको के डॉक्टरों ने किया ये दावा सुबह खाली पेट अमृत है कच्चा लहसुन का सेवन श्रीनगर का ट्यूलिप गार्डन वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में हुआ दर्ज महिला आरक्षण का श्रेय लेने की भाजपा और कांग्रेस में मची होड़