एलियन के कंकालों का परीक्षण करने वाले मैक्सिको के डॉक्टरों ने दावा किया है कि उन्हें इन शवों की खोपड़ियों में किसी भी तरह के हेरफेर या इंसानी दखल का कोई सबूत नहीं मिला है।

कई वैज्ञानिकों और पुरातत्वविदों का कहना था कि एलियन के शवों के साथ छेड़छाड़ की गई है और इनमें मानव या जानवरों की हड्डियां मिली हैं।

एलियन के कंकालों को पत्रकार और यूफोलॉजिस्ट जैमे मौसन ने मैक्सिको की संसद में पेश किया था।

उन्होंने कहा था कि ये नमूने हमारे सांसारिक विकास के अवशेष नहीं हैं। उनका कहना था कि हो सकता है कोई UFO धरती पर क्रैश हुआ हो और इसके बाद एलियन के शव यहीं रह गए।

उनके मुताबिक, इन अवशेषों को खदानों से खोजा गया है, जो जीवाश्म में परिवर्तित हो रहे थे।

मौसन ने दावा किया कि पेरू के कुस्को में पाए गए ये गैर-मानव शव 1,000 साल पुराने हैं। उन्होंने कहा कि इन शवों के एक तिहाई DNA अज्ञात हैं।

मेक्सिको की नौसेना के फोरेंसिक डॉक्टर जीसस जल्से बेनिटेज ने एक्सरे टेस्टिंग सहित कंकालों के कई परीक्षण किए।

उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला परीक्षणों से साबित हुआ कि एलियंस के कंकाल में कोई मिलावट नहीं की गई है और अंग एक ही कंकाल के हैं। इनका मनुष्यों से कोई संबंध नहीं है।

पेरू में 2017 में कथित तौर पर इन लाशों का पता लगाया गया था। प्रत्येक लाश में एक लंबा सिर और प्रत्येक हाथ पर 3 उंगलियां हैं।

पेरू में भी इस बात की जांच हो रही है कि ये शव कहां पाए गए और मौसन के पास कैसे पहुंच गए।

नासा की तरफ से मैक्सिकन सरकार से कहा गया कि यदि उनके पास कुछ ऐसा कुछ है तो पहले इसके नमूने वैज्ञानिक समुदाय को उपलब्ध कराएं।

एलियन को कई लोग सिर्फ झूठी कहानी मानते हैं, लेकिन नासा ने एलियन से जुड़ी खोजों के लिए अनआइडेंटिफाइड एनोमेलस फेनोमेना (UAPs) रिपोर्ट जारी की है।

इस रिपोर्ट को जारी करते समय नासा प्रमुख बिल नेल्स ने कहा, "मैं मानता हूं एलियंस होते हैं और उन्हें खोजने की जरूरत है।"

नासा ने बताया कि वो आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर इसकी जांच करेगा और डाटा साझा करने में ज्यादा पारदर्शिता से काम करेगा।