छोड़कर सामग्री पर जाएँ

बॉलीवुड में ‘शॉटगन’ नाम से मशहूर अभिनेता – शत्रुघ्न सिन्हा

इस ख़बर को शेयर करें:

“हिंदी सिनेमा में ‘शॉटगन’ के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अपनी दमदार अदाकारी के दम पर बड़े से बड़े सितारों को खामोश कर दिया। फिल्मी बैकग्राउंड से ताल्लुक नहीं रखते हुए भी उन्होंने सिनेमा जगत में अपने शानदार अभिनय का परचम लहरा दिया, जो शायद फिल्मी बैकग्राउंड से आने वाले सितारों के बस की भी बात नहीं। उन्होंने बतौर विलेन अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी, लेकिन उन्हें हीरो से ज्यादा पसंद किया जाता था। हालांकि, अभिनेता इंडस्ट्री में हीरो बनने का सपना लिए आए थे, लेकिन एक खास वजह से वह इंडस्ट्री के लोकप्रिय खलनायक बन गए।

शत्रुघ्न सिन्हा का जन्म 15 जुलाई, 1945 को बिहार की राजधानी पटना में हुआ था। अभिनेता के पिता एक डॉक्टर थे, जिनके चार बेटे हैं। उनके परिवार में सभी का नाम रामायण के आधार पर रखा गया था। ऐसे में उन्होंने अपने चारों बेटों का नाम राम, लखन, भरत और शत्रुघ्न रखा। पढ़ाई की बात करें तो अभिनेता ने पटना साइंस कॉलेज से ग्रेजुएट की और उसके बाद अपने दोस्त के बताने पर एफटीआईआई से पढ़ाई की। अभिनेता जहां रहते थे, वहां कोई फिल्मी जगत से जुड़ा व्यक्ति नहीं था, बावजूद इसके उनका झुकाव अभिनय की ओर हुआ। बस फिर क्या था, वह हीरो बनने का सपना लिए मायानगरी की ओर चल दिए।

हीरो बनने का सपना लिए मुंबई पहुंचे शत्रुघ्न को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कोई भी उन्हें काम देने को तैयार नहीं था। दरअसल, इसका कारण था उनके गाल पर बना कट का निशान। निर्देशक और निर्माता उनके साथ काम करने को तैयार नहीं थे। काफी रिजेक्शन के बाद अभिनेता निराश हो गए और प्लास्टिक सर्जरी का पूरा मन बना लिया था, लेकिन मशहूर सुपरस्टार रहे देव आनंद ने उन्हें ऐसा करने से रोक लिया और समझाया कि इस निशान को अपनी कमजोरी नहीं बल्कि, ताकत बनाएं। बस फिर क्या था शत्रुघ्न ने प्लास्टिक सर्जरी का इरादा बदल लिया और इस कट को अपनी ताकत बनाने का फैसला किया। शत्रुघ्न के गाल पर बने कट के एक निशान ने उन्हें इंडस्ट्री का मशहूर खलनायक बना दिया था।

इस निशान की वजह से ही शत्रुघ्न सिन्हा विलेन के रूप में और ज्यादा अच्छे लगते थे और इसका निर्देशकों ने भी अपनी फिल्मों के लिए खूब अच्छे से इस्तेमाल किया। फिल्मों में खलनायक का किरदार निभाते शत्रुघ्न इस कट को और हाइलाइट करते थे। अपने एक्सप्रेशंस के दौरान वह इस कट का जबरदस्त इस्तेमाल करते थे।

अभिनेता के इस जबर्दस्त अंदाज को देख फैंस के साथ निर्देशक भी उनके मुरीद हो जाते थे। इसके साथ ही उनकी बुलंद-कड़क आवाज और चाल-ढाल और दमदार डायलॉग डिलीवरी ने उन्हें बॉलीवुड फिल्मों का एक प्रभावशाली खलनायक बनाया। उस जमाने में अभिनेता के मुंह से निकलने वाला हर शब्द बंदूक की गोली समान लगता था और इसी वजह से उन्हें ‘शॉटगन’ कहा जाने लगा। इस टैग ने उन्हें इंडस्ट्री में एक अलग पहचान दी।

बतौर खलनायक उन्होंने अपनी ऐसी पहचान बनाई कि लोग उन्हें हीरो से ज्यादा पसंद करने लगे थे। विलेन बनकर इंडस्ट्री पर राज करने के बाद बतौर हीरो भी उन्होंने कई फिल्मों में काम किया और सुपरस्टार बनने का अपना सपना पूरा किया। शत्रुघ्न सिन्हा ने कई फिल्मों में लीड रोल निभाया और हीरो की भूमिका में भी अभिनय का दम दिखाया।

शत्रुघ्न उन अभिनेताओं में से एक बन गए, जिन्होंने खलनायक के साथ-साथ हीरो के तौर पर भी इंडस्ट्री में अपनी धाक जमाई। शत्रुघ्न सिन्हा ने फिल्मी पर्दे पर दम दिखाने के बाद, राजनीति में भी हाथ आजमाया। अब वह राजनीति में सक्रिय हैं और यहां भी अपनी धाक जमाए हुए हैं।

गणेश मुखी रूद्राक्ष पहने हुए व्यक्ति को मिलती है सभी क्षेत्रों में सफलता एलियन के कंकालों पर मैक्सिको के डॉक्टरों ने किया ये दावा सुबह खाली पेट अमृत है कच्चा लहसुन का सेवन श्रीनगर का ट्यूलिप गार्डन वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में हुआ दर्ज महिला आरक्षण का श्रेय लेने की भाजपा और कांग्रेस में मची होड़